स्वयं सहायता समूह की महिलाओं का प्रयास असर दिखने लगा है। बिजली बिल की बकाया वसूली में समूह की सखियों ने विभागीय कर्मचारियों से भी बेहतर प्रदर्शन किया है। कुल 138 सखियों ने छह माह में साढ़े 21 लाख रुपये का बकाया जमा कराया है। इसके बदले वह 26 हजार से अधिक कमीशन भी पा चुकी है। गांव में ही भ्रमण कर बिल वसूली का कार्य समूह की सखियों के आर्थिक समृद्धि का जरिया बन रहा है तो बिजली विभाग को भी बकाया जमा कराने में काफी मदद मिल रही है।
ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत उनके समूह बनाए गए हैं। उन्हें विभिन्न कार्यों में लगाया गया है। कोई बीसी सखी बनकर गांव में लेन-देन कर रही हैं तो कोई अनाज वितरण कर रहा है। सामुदायिक शौचालयों के संचालन से लेकर गांव में कोटे की दुकान चलाने का जिम्मा भी समूह की महिलाओं को मिला है। इनमें से ही 148 महिलाओं का चयन विद्युत सखियों के रूप में किया गया था। जनवरी में चयन और प्रशिक्षण के बाद इसमें से 138 सखियों ने काम शुरू किया। उनके प्रयासों का असर है कि महज चंद महीने की कोशिश में ही बिजली विभाग का 21.46 लाख रुपये का बिल जमा हो गया है। इसके एवज में सखियों को 25 हजार 923 रुपये का कमीशन भी मिला है। एसडीओ अभिषेक कुमार ने बताया कि विद्युत सखियों से बिल बनाने और जमा कराने का कार्य लिया जा रहा है। महिलाओं ने कुछ समय में ही बेहतर काम किया है। इससे ग्रामीण उपभोक्ताओं को भी समय से बिल पाने और भुगतान करने में सहूलियत हो रही है। अन्य सखियों को भी जल्द ही सक्रिय किया जाएगा।
सखियों को जारी होगा कार्ड
यूपी पावर कारपोरेशन की ओर से बिजली की बिल जमा करने वाली स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को पहचान पत्र भी जारी किया जाएगा, ताकि मोबाइल से बिजली के बिल बनाने और जमा करने में उन्हें आसानी हो सके। कुछ गांवों में जाने के बाद समूह की महिलाओं से ग्रामीण पहचान पत्र मांगते हैं। इस कारण उन्हें अपनी पहचान बताने के लिए अधिकारियों के यहां फोन लगाना पड़ता था। अब इस समस्या से निजात मिलेगी। एसडीओ ने बताया कि 78 विद्युत सखी को आईडी मुहैया कराया जा चुका है। एनआरएलएम के जिला प्रबंधक से शेष सखियों का डिटेल मांगा गया है, ताकि उन्हें भी आईडी उपलब्ध कराया जा सके।
विद्युत सखियों को दे रहे ट्रेनिंग
जिले में शासन से बिलिंग के लिए नामित कंपनी के बिलिंग सुपरवाइजर विद्युत सखियों को ट्रेनिंग भी दे रहे हैं। सखियों को बिल बनाने, ऑनलाइन जमा करने आदि की जानकारी दे रहे हैं, ताकि उन्हें काम करने में किसी प्रकार की समस्या न हो। बिजली विभाग के उच्चाधिकारियों द्वारा सखियों के कार्य प्रणाली पर नजर रखी जा रही है। बिजली विभाग की मानें तो ग्रामीण इलाकों में आने वाले दिनों में और विद्युत सखियों की तैनाती करने की दिशा में पहल किया जा रहा है।