बीजपुर। शिक्षा क्षेत्र म्योरपुर अंतर्गत कंपोजिट विद्यालय बीजपुर में एक सप्ताह पहले बच्चों के लिए आईं आयरन की गोलियों को जलाने का वीडियो वायरल हो रहा है। विद्यालय के शिक्षक अवकाश होने के बाद भी रविवार को दवा जलाए जाने की जगह की सफाई करते देखे गए। इस मामले को लेकर अध्यापकों को नोटिस जारी कर दिया गया है। हालांकि विद्यालय की प्रधानाध्यापिका ने विद्यालय परिसर में दवा जलाए जाने की बात को खारिज किया है।
कंपोजिट विद्यालय बीजपुर की प्रधानाध्यापिका आशा रानी के अनुसार दो-तीन महीने पहले दवा आई थी। इसे बच्चों को खिला दिया गया था। दवा के बचे रैपर को दाई ने जलाया होगा। रविवार की सुबह सोशल मीडिया पर दवा जलाए जाने का वीडियो वायरल होने के बाद खंड शिक्षा अधिकारी म्योरपुर ने विद्यालय के अध्यापक और संकुल प्रभारी देवनरायन एवं प्रधानाध्यापिका आशा रानी को विद्यालय भेजा और दवा जलाए जाने की जगह की वीडियोग्राफी कराई। ग्रामीणों के अनुसार, सोशल मीडिया पर जो वीडियो वायरल हो रहा है, उसमें दवा जलाए जाने की पुष्टि हो रही है। बता दें कि इससे पहले इसी विद्यालय के दो अध्यापकों की लड़ाई का वीडियो भी वायरल हो चुका है।
वायरल वीडियो को संज्ञान में लेकर कंपोजिट विद्यालय बीजपुर के अध्यापकों को नोटिस जारी कर दिया गया है। फिलहाल शुरुआती जांच में दवा जलाए जाने के कोई सबूत नहीं मिले हैं। जांच की जा रही है। - विश्वजीत, बीईओ म्योरपुर।