दुद्धी के एसडीएम कोर्ट ने शांतिभंग की आशंका में पकड़े गए आरोपियों को पौधा लगाने की सजा दी है। उन्हें सख्त हिदायत दी गई है कि अगर जेल नहीं जाना है तो उन्हें दो पौधे लगाने होंगे। सिर्फ लगाना ही नहीं होगा, बल्कि उसकी देखभाल का संकल्प भी लेना होगा।
शैलेंद्र मिश्र ने अभी हाल ही में दुद्धी तहसील में एसडीएम की जिम्मेदारी संभाली है। बतौर एसडीएम उनकी पहली तैनाती है। बृहस्पतिवार को उनकी कोर्ट में तहसील क्षेत्र के बभनी, अनपरा, दुद्धी सहित विभिन्न थानों से मारपीट के मामले में शांति भंग की आशंका में पकड़े गए लोगों को पेश किया। जमानत प्रार्थना पत्र प्रस्तुत हुआ तो एसडीएम ने पहले तो उन्हें कड़ी फटकार लगाई। छोटी-छोटी बातों पर विवाद न करने की नसीहत दी। फिर शर्त रखी कि अगर वह जेल नहीं जाना चाहते तो उन्हें तहसील परिसर में दो-दो पौधे लगाने होंगे। अनोखी सजा सुनकर पहले तो आरोपी और उनके अधिवक्ता सकते में आ गए। फिर इसे सहर्ष स्वीकार कर लिया। एसडीएम ने उनके अधिवक्ताओं को यह पौधे लगवाने की जिम्मेदारी दी और इसकी देखभाल के लिए भी निर्देशित किया। एसडीएम शैलेंद्र मिश्र ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण के लिए छोटे-छोटे प्रयास की ही जरूरत है। फिर वह कभी तहसील में आएंगे तो उनका अपने द्वारा रोपित पौधों से स्नेह बना रहेगा। दूसरों के लिए यह प्रेरणा बनेगा। एसडीएम के इस फैसले की हर तरफ चर्चा है।