डाला। चोपन थाना क्षेत्र अबाड़ी पिकनिक स्पॉट जाते समय गांव में ही एक प्राइवेट बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इसमें एक महिला व दो युवक घायल हो गए। रिजर्व बस वाराणसी से करीब 35 लोग पिकनिक के लिए अबाड़ी गांव जा रहे थे। लोग राबर्ट्सगंज होते हुए डाला वैष्णो मंदिर का दर्शन करने के बाद अबाड़ी घूमने जा रहे थे।
बस गुरमुरा से करीब नौ किमी दूर अबाड़ी पहुंच चुकी थी और पिकनिक स्पॉट से करीब आधा किमी दूर थी। इस दौरान अचानक प्राइवेट बस चढ़ाई पर चढ़ते समय अनियंत्रित होकर पलट गई। इसमें मीना मौर्या (35), शिवम मौर्या (14) एवं जितेश मौर्या (22) घायल हो गए। बस के पटलते ही वहां पर अफरातफरी मच गई। बस सवार चीखने-चिल्लाने लगे। ग्रामीणों ने सैलानियों की मदद की। स्थानीय लोगों की मदद से ऑटो से घायलों को गुरमुरा अस्पताल भेज दिया गया। प्राइवेट बस चालक अजय सिंह ने बताया कि चढ़ाई के साथ मोड़ होने के कारण बस का प्रेशर टूट गया और ब्रेक भी नहीं लग सका। बस पीछे आने लगी और अनियंत्रित होकर पलट गई। यह संयोग ही रहा कि बस एक ही पलटी पर रुक गई नहीं तो रोड से करीब सौ फीट नीचे चली जाती। इससे बड़ा हादसा हो सकता था। गौरतलब है कि अबाड़ी पिकनिक स्पॉट इस समय लोगों की पसंद हो चुकी हैं जहां सैलानियों का जमावड़ा एवं इस रोड पर आवागमन बहुत ज्यादा हैं। करीब एक किमी तक रोड इतना ज्यादा खराब है कि आए दिन कुछ न कुछ घटनाएं होती रहती हैं। लोगों ने जिलाधिकारी से गुहार लगाई है कि मिनी गोवा अबाड़ी पिकनिक स्पॉट सड़क की मरम्मत कराई जाए।