पुलिस चौकी क्षेत्र के खाड़पाथर के समीप सोमवार की रात राखड़ लदा हाइवा अनियंत्रित होकर बिजली पोल से टकराते हुए पलट गया। हादसे में चालक की मौत हो गई। पुलिस ने कड़ी मशक्कत कर हाइवा में फंसे मृत चालक को निकलवाया।
पुलिस ने बताया कि सोमवार की रात करीब आठ बजे खाड़पाथर के समीप धौकीनाला मोड़ पर स्थित नाले में राखड़ लदा हाइवा अनियंत्रित होकर बिजली के पोल को टक्कर मारते हुए खाई में पलट गया। दुर्घटना में वाहन चालक राकेश (34) पुत्र रामा निवासी ग्राम करहिया थाना अनपरा की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंच कर वाहन में फंसे शव को निकलवाया। पुलिस की सूचना पर पहुंचे परिजनों ने मंगलवार की सुबह शव की शिनाख्त की। मृतक चालक के पिता रामा ने चौकी में तहरीर देकर अवगत कराया है कि उसका पुत्र खड़िया से राखड़ लादकर चंदौली जा रहा था। रास्ते में खाड़पाथर के पास दुर्घटना में उसकी मौत हो गई। उधर, बिजली का पोल टूट जाने से इलाके में रात भर विद्युत आपूर्ति भी ठप रही। पिपरी थानाध्यक्ष अजय सिंह ने बताया कि सीएचसी दुद्धी में शव का पोस्टमार्टम कराकर परिवार के लोगों को सुपुर्द कर दिया गया।