शक्तिनगर। जिले की सीमा से सटे मप्र के सिंगरौली में भालू के हमले में दो युवकों की मौत हो गई और एक घायल हो गया। उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना से गांव में दहशत का माहौल है। वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों को सतर्कता बरतने की सलाह दी है।
सिंगरौली के सरई थाना क्षेत्र के खनुआ निवासी हीरा अगरिया (45) और शिवकुमार पटेल मंगलवार को जंगल में बकरी चराने गए थे। गजरा-बहरा निवासी अतिथि शिक्षक गणेश बैस (45) वहीं बैठे हुए थे। शाम को अचानक भालू ने गणेश पर हमला कर दिया।
हीरा और शिवकुमार उसे बचाने पहुंचे तो भालू ने उन पर भी हमला बोला। इससे हीरा और गणेश की मौत हो गई और शिवकुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की जानकारी पाकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल को बैढ़न स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, घटना के बाद से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। जमगड़ी सरपंच व भाजपा मंडल लंघाडोल के अध्यक्ष केडी बैस की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, वन विभाग की टीम जंगल में भालू की तलाश में जुट गई है।