शक्तिनगर। अनपरा थाना क्षेत्र के वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर बैरपान गांव के समीप शुक्रवार को दो ट्रेलरों में आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। हादसे में एक ट्रेलर चालक की मौके पर ही मौत हो गई। दूसरे ट्रेलर का चालक भी घायल है। दोनों वाहनों का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुआ है।
रेणुकूट की तरफ से माल उतारकर एक ट्रेलर अनपरा की तरफ आ रहा था। वहीं दूसरा ट्रेलर अनपरा की तरफ से रेणुकूट जा रहा था। बैरपान गांव के समीप दोनों ट्रेलरों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में एक ट्रेलर का चालक मोहन (30) निवासी राबर्ट्सगंज की मौके पर मौत हो गई। दूसरे ट्रेलर का चालक भी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटनास्थल पर पहुंचे अनपरा थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह ने बताया कि चालक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना की जानकारी घरवालों को दी गई है। दूसरे ट्रेलर चालक का प्राथमिक उपचार कराया गया। घटना के बाद सड़क पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाया गया। इसके बाद उक्त मार्ग पर वाहनों की आवाजाही शुरू हो सकी।