वैनी। खलियारी-दरमा मार्ग पर शनिवार की रात पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दो पशु तस्करों को गिरफ्तार किया। इस दौरान पुलिस की गोली से एक तस्कर घायल हो गया। आरोपियों के कब्जे से सात पशु मुक्त कराए गए। उनके पास तमंचा, कारतूस, तीन मोबाइल व तस्करी में प्रयुक्त वाहन बरामद किया गया।
सीओ सदर राज सोनकर ने बताया कि शनिवार की रात मुखबिर ने पशु तस्करों के बारे में सूचना दी। इस पर तत्काल सक्रियता दिखाते हुए रायपुर व मांची पुलिस की संयुक्त टीम ने घेरेबंदी शुरू की।
खलियारी-दरमा मार्ग पर पुलिस की घेरेबंदी देख तस्करों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से एक तस्कर करमा थाना क्षेत्र के खुटहनिया गांव निवासी जियाउल उर्फ जियाउद्दीन के पैर में गोली लगी। वहीं उसका साथी घोरावल के नकबई के सतौंहा निवासी रिशु यादव उर्फ विकास यादव को भी मौके से गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए वाहन में सात पशु भरे हुए थे।
सीओ के मुताबिक तस्करों ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वे पशुओं को बिहार होते हुए बंगाल भेजने की फिराक में थे। आरोपी जियाउल ने खुलासा किया कि उन्हें प्रमोद, शिवमंगल यादव, विनोद व गोरख खटिक ने पशु उपलब्ध कराए थे, जिन्हें वे बिहार के कैमूर जिले के भगवान यादव और विकास यादव के निर्देश पर बिहार ले जा रहे थे।
सीओ ने बताया कि दोनों तस्करों के खिलाफ रायपुर थाने में गोवध निवारण अधिनियम व आर्म्स एक्ट सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। उनके साथियों की तलाश में टीमें लगाई गई हैं।