शक्तिनगर। यूपी सीमा से सटे मप्र के सिंगरौली में शनिवार की रात ट्रेलर खाई में गिरने से चालक और खलासी की मौत हो गई। सुबह पुलिस ने सीआईएसएफ के जवानों की मदद से केबिन में फंसे दोनों के शव बाहर निकाले। हादसा विंध्यनगर थाने के जयंत चौकी इलाके में स्थित मुड़वानी डैम के करीब हुआ।
जयंत-मोरवा मार्ग पर कोयला लदा ट्रेलर अनियंत्रित हो करीब 40 फुट नीचे खाई में गिर गया। देर रात हुए हादसे की जानकारी होने पर ट्रेलर के केबिन में फंसे चालक व खलासी को निकालने के लिए पुलिस ने सीआईएसएफ जवानों के साथ स्थानीय लोगों की मदद ली।
काफी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला जा सका। उन्हें एनसीएल के नेहरू शताब्दी चिकित्सालय जयंत पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जयंत चौकी प्रभारी सुधाकर सिंह परिहार ने बताया कि चालक की शिनाख्त सुरेश पाल (36) निवासी गोदवाली थाना मोरवा के रूप में की गई। खलासी सूरज पाल कोतवाली बैढ़न के कचनी क्षेत्र का रहने था।