बिजली निगम की एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस) का दूसरा चरण बुधवार को समाप्त हो गया। अब तक महज आठ प्रतिशत बकायेदारों ने ही इस योजना के तहत बिल जमा करने में रुचि दिखाई है। बृहस्पतिवार से तीसरे चरण की शुरुआत होगी।
इसमें बकाया जमा करने पर मिलने वाली छूट कम हो जाएगी। फिलहाल निगम के अधिकारी उपभोक्ताओं को छूट के साथ बिल जमा करने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। योजना समाप्त होने के बाद सख्ती होगी। जिले में रॉबर्ट्सगंज व पिपरी डिविजन के अंतर्गत करीब तीन लाख उपभोक्ता हैं।
इसमें 2.27 लाख उपभोक्ता एकमुश्त समाधान योजना का लाभ लेने के लिए पात्र हैं। इन्हें योजना के तहत पंजीकरण कराने पर ब्याज राशि में छूट के साथ ही किश्तों में बकाया जमा करने की भी सुविधा निगम दे रहा है।
तमाम कोशिशों के बावजूद बकाएदार बिल जमा करने में रुचि नहीं दिखा रहे थे। एक जनवरी से शुरू हुए एकमुश्त समाधान योजना का दूसरा चरण बुधवार को समाप्त हो गया। इस चरण में जिन उपभोक्ताओं का बिल पांच हजार रुपये से कम था, उन्हें सरचार्ज में 80 प्रतिशत की छूट का लाभ मिल रहा था।
इस चरण के अंतर्गत मंगलवार की रात तक करीब 31 हजार उपभोक्ताओं ने पंजीकरण कराया था। उनकी ओर से साढ़े 10 करोड़ से अधिक की धनराशि जमा की गई थी। पंजीकृत उपभोक्ता बुधवार की देर रात तक बिल जमा करने में जुटे रहे। बिजली निगम के कार्यालयों में बिल जमा करने वालों की भीड़ रही। सर्वर की गड़बड़ी से भी बिल जमा करने में उपभोक्ता हलकान दिखे।अब बृहस्पतिवार से तीसरे चरण की शुरुआत होगी।
तीसरे चरण में ऐसे मिलेगी छूट
16 जनवरी से शुरू हो रहे एकमुश्त समाधान योजना के तीसरे चरण में पांच हजार से कम बकाया वाले घरेलू उपभोक्ताओं को एक साथ बकाया जमा करने पर सरचार्ज पर 70 प्रतिशत की छूट मिलेगी। अगर वह 10 किश्तों में बकाया जमा करेंगे तो छूट 55 प्रतिशत तक मिलेगी। वहीं पांच हजार से अधिक बकाया वाले उपभोक्ताओं को एक साथ बिल जमा करने पर 50 प्रतिशत और दस किश्तों में जमा करने 40 प्रतिशत छूट का लाभ मिल सकेगा। वाणिज्यिक श्रेणी के उपभोक्ता एकमुश्त बकाया जमा करने पर 40 प्रतिशत और चार किश्तों में बकाया राशि जमा करने पर सरचार्ज पर 30 प्रतिशत की छूट का लाभ प्राप्त करेंगे।
बिजली बिल के बकायेदारों को ओटीएस का लाभ लेते हुए बिल जमा करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। किन्हीं कारणों से जो उपभोक्ता दूसरे चरण में पंजीकरण से वंचित रह गए थे, वह तीसरे चरण में पंजीकरण करा लें। छूट खत्म होने के बाद सख्ती से बकाया वसूला जाएगा।
-संजीव वैश्य, अधीक्षण अभियंता, बिजली निगम।