नगर के न्यू कॉलोनी स्थित शिवाजी मिनी स्टेडियम का कायाकल्प होगा। ओपेन जिम, बैडमिंटन कोर्ट सहित अन्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए नगर पालिका एक करोड़ रुपये खर्च करेगी। वहीं सहिजन वार्ड में चाड़ी माता मंदिर के पास स्थित पोखरे का भी दो करोड़ रुपये से सुंदरीकरण कराया जाएगा।
मुख्यमंत्री नगरोदय योजना के तहत इन प्रस्तावों को शासन ने मंजूरी दे दी है। नगर पालिका सोनभद्र का चयन आदर्श नगर पालिका योजना के तहत हुआ है। यहां विकास कार्यों के लिए शासन की ओर से अन्य निकायों की अपेक्षा अतिरिक्त धनराशि दी जा रही है।
नगर के न्यू कॉलोनी स्थित शिवाजी मिनी स्टेडियम का एक करोड़ रुपये से कायाकल्प कराया जाएगा। स्टेडियम में बने बैडमिंटन कोर्ट की छत टपकने से अक्सर पानी लगा रहता है, जिससे बैडमिंटन के लिए बिछाया गया मैट खराब हो जाता है। छत मरम्मत के साथ ही परिसर में पेयजल, शौचालय की भी व्यवस्था की जाएगी।
इसके अलावा ओपेन जिम की भी मरम्मत कराई जाएगी। सुंदरीकरण के कई अन्य कार्य भी होंगे। वहीं सहिजन वार्ड में स्थित तालाब के लिए भी दो करोड़ रुपये मंजूर हुए हैं। नगर के विस्तारित क्षेत्र में शामिल यह तालाब आसपास के लोगों के लिए बड़ा जलस्रोत है।
विविध अनुष्ठान लोग इसी तालाब पर करते हैं। नगरोदय योजना के तहत तालाब के किनारे पाथवे बनाने के अलावा सोलर लाइट लगाया जाएगा। पौधे लगाए जाएंगे और बेंच की व्यवस्था होगी।
मुख्यमंत्री नगरोदय योजना के तहत दो प्रस्तावों को शासन से मंजूरी मिली है। बोर्ड ने भी इस पर सहमति दे दी है। शीघ्र की औपचारिकताएं पूरी कर दोनों स्थानों पर कार्य आरंभ कर दिया जाएगा। कई अन्य प्रस्ताव भी शासन को भेजे गए हैं। उन्हें भी शीघ्र मंजूरी मिलने की उम्मीद है।
-रुबी प्रसाद, अध्यक्ष नगर पालिका सोनभद्र।