सोनभद्र। सदर कोतवाली क्षेत्र के हिंदुआरी गांव के समीप बृहस्पतिवार को घेराबंदी कर पुलिस ने दो चोरों को दो बाइक के साथ पकड़ लिया। जबकि एक चोर बाइक छोड़ कर फरार हो गया। पूछताछ के बाद चोरों का चालान कर दिया गया। वहीं फरार चोर को पकड़ने के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
पुलिस अधीक्षक आशीष श्रीवास्तव के निर्देश पर बृहस्पतिवार सुबह करीब नौ बजे मुखबिर के जरिए सीओ राजकुमार त्रिपाठी को सूचना मिली की तीन युवक चोरी की बाइक के साथ हिंदुआरी के पास किसी का इंतजार कर रहे हैं। सीओ के निर्देश पर फोर्स के साथ कोतवाल अंजनी कुमार राय और एसआई शिवानी मिश्रा मुखबिर के बताए गए स्थान पर पहुंचे। पुलिस को देखते ही बाइक छोड़कर युवक भागने लगे। हालांकि पुलिस कर्मियों ने पीछा कर दो युवकों को पकड़ लिया, जबकि एक भागने में सफल रहा। पुलिस युवकों को कोतवाली ले जाकर पूछताछ की। कोतवाल ने बताया कि पकड़े गए सदर कोतवाली क्षेत्र के बिच्छी गांव निवासी विनोद और जैत गांव निवासी सूरज के कब्जे से चोरी की एक-एक बाइक मिली है। जांच करने पर पता चला कि तीसरी बाइक भी चोरी की है। एएसपी ओपी सिंह ने कहा कि जल्द ही फरार चोर और उसके अन्य साथियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। चोरों को पकड़ने के लिए एसओजी और स्वाट टीम छापेमारी कर रही है।