सोनभद्र जिले के चोपन थाना क्षेत्र के ओबरी गांव के पास वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर शुक्रवार की दोपहर बाद करीब तीन बजे दो वृद्धों की पिकअप से कुचलकर मौत हो गई। घटना तब हुई जब दोनों इंडियन बैंक की मारकुंडी शाखा से रुपये निकालकर वापस घर जा रहे थे। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, चोपन थाना क्षेत्र के सलखन गांव में स्थिति मुनगटोला निवासी तिलक(60) व रामस्वरूप(65) के खाते में किसान सम्मान निधि आती है। निधि का पैसा आने के बाद शुक्रवार को उसे निकालने के लिए मारकुंडी स्थित इंडियन बैंक की शाखा में गए थे। वहां से दोपहर करीब पौने तीन बजे निकले और पैदल ही वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग से होते हुए सलखन जा रहे थे।
रास्ते में बारिश का पानी सड़क के आसपास जमा होने के कारण सड़क को बीच से पार हो रहे थे। तभी पीछे से आई पिकअप ने धक्का मार दिया। इससे दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आस-पास के लोगों ने पिकअप चालक को पिकअप सहित पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह फरार हो गया। उधर, घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।