पिछले दिनों सदर कोतवाली क्षेत्र के तीनताली गांव के समीप सीएचसी मधुपुर पर तैनात डॉ. संजय सिंह पर जानलेवा हमला करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने पुरानी रंजिश में पिटाई की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों का चालान कर दिया।
सदर कोतवाली क्षेत्र के तीनताली गांव के पास आठ फरवरी को बाइक सवार दो युवकों ने लाठी-डंडे से मधुपुर सीएचसी में तैनात डॉ. संजय सिंह पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस मामले में पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मारपीट समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज है। एसपी अमरेंद्र प्रसाद सिंह ने सदर कोतवाल सत्यनारायण मिश्रा, स्वाट टीम प्रभारी अमित तिवारी और हिंदुआरी चौकी प्रभारी को आरोपियों को गिरफ्तारी के लिए लगाया था। सिटी सीओ राजकुमार त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस की टीमें सोमवार को तेंदू पुल के पास से आरोपी लकी सिंह उर्फ आलोक सिंह निवासी ग्राम जमसोकर और अजय पटेल निवासी ग्राम मधुपुर को गिरफ्तार कर लिया गया। कहा कि पूछताछ करने पर आरोपियों ने बताया कि पुराने विवाद को लेकर उन लोगों ने डॉक्टर की पिटाई की थी।