सोनभद्र के चोपन थानांतर्गत मारकुंडी घाटी में बुधवार सुबह आटा लदा ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रक चालक व खलासी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का उपचार कराया गया। वहीं लगातार तीसरे दिन घाटी में ट्रक पलटने की घटना से लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता है।
वाराणसी के रामनगर से आटा लादकर ट्रक रायपुर छत्तीसगढ़ के लिए जा रहा था। मारकुंडी घाटी के पुराने रास्ते से घाटी उतरते समय ट्रक का ब्रेक फेल हो गया। चालक का नियंत्रण ट्रक से हट गया और अनियंत्रित होकर ट्रक पलट गया। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल की तरफ गए और ट्रक में फंसे चालक देवकुमार पुत्र भुनेश्वर यादव निवासी बिच्छी राबर्ट्सगंज व खलासी अजय कुमार पुत्र वृहस्पति कोल निवासी घोरावल को बाहर निकाला। इसके बाद दोनों घायलों को एबुंलेंस से जिला अस्पताल लोढ़ी ले जाया गया। उधर, ट्रक पलटने के बाद मौके पर जाम की स्थिति रही। गुरमा चौकी पुलिस ने जाम खुलवाया।
तीन वाहन भिड़े, सभी क्षतिग्रस्त
बीना पुलिस चौकी अंतर्गत वाराणसी-शक्तिनगर मुख्य मार्ग पर बुधवार को तीन वाहनों में टक्कर हो गई। कार, बोलेरो और हाईवा क्षतिग्रस्त हो गए। मुख्य मार्ग पर घंटों आवागमन बाधित होने से जाम की स्थिति बन गई। पुलिस ने वाहनों को सड़क से किनारे हटाया। संयोग रहा कि सभी सवार बाल-बाल बच गए।