रेणुकूट (सोनभद्र)। पिपरी नगर में थाने के समीप शुक्रवार की दोपहर एक ट्रक का टायर फटने से हुए हादसे में नौंवीं की छात्रा की मौत हो गई। हादसे में एक छात्र भी घायल हुआ। उसकी हालत गंभीर होने पर वाराणसी रेफर कर दिया। दोनों स्कूल की छुट्टी होने के बाद पैदल ही घर जा रहे थे। हादसे में ट्रक भी क्षतिग्रस्त हो गया।
थाना प्रभारी राजेश कुमार सिंह ने बताया कि मिनरल वाटर लदा ट्रक रेणुकूट से पिपरी की ओर जा रहा था। थाने से थोड़ा पहले ही अचानक ट्रक का टायर फट गया, जिससे ट्रक अनियंत्रित होकर गड्ढे में पलट गया। इस दौरान सड़क किनारे जा रहे दो स्कूली छात्र-छात्रा उसकी चपेट में आ गए। हादसे में शिखा तिवारी (15) पुत्री अरविंद कुमार तिवारी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं हिमांशु सिंह पुत्र अजय सिंह निवासी पिपरी गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों आदित्य बिड़ला इंटर कॉलेज में पढ़ते थे। शिखा कक्षा नौ की छात्रा थी। हादसे में घायल हिमांशु को तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने वाराणसी रेफर कर दिया। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को कब्जे में ले लिया है।
एक माह में तीसरी वारदात, स्कूल से घर लौटते समय गई जान
जिले की सड़कों पर तेजी से दौड़ते वाहनाें के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। बाइक और कार सवार तो जान गंवा ही रहे हैं, अब पैदल जाने वाले स्कूली बच्चे भी दुर्घटना की भेंट चढ़ रहे हैं। पिछले एक माह के दौरान यह तीसरी घटना है, जिसमें स्कूल से घर लौटते वक्त विद्यार्थी की मौत हुई है। इससे पहले 10 अक्तूबर को मधुपुर बाजार में स्कूल की छुट्टी होने पर कक्षा-एक की छात्रा छह वर्षीय सुनैना सड़क पर आई। तभी वाराणसी-शक्तिनगर हाईवे पर टेंपो की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। इसके बाद 18 अक्तूबर को सलखन के पटवध में स्कूल की छुट्टी होने पर घर जा रहा कक्षा-4 का छात्र शंभू ट्रक की चपेट में आ गया था।