पूछताछ में उसने बताया कि ट्रक में ऊपर सड़ी हुई आलू की बोरियां लदी हैं और उनके नीचे पंजाब निर्मित रॉयल स्टैग अंग्रेजी शराब की पेटियां छिपाई गई हैं, जिन्हें बिना किसी वैध कागजात के बिहार ले जाया जा रहा था। चालक ने यह भी बताया कि यह शराब धीरज सिंह नामक व्यक्ति की है, जो लंबे समय से अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त है। तलाशी के दौरान चालक के पास से एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन, आधार कार्ड और 250 रुपये नकद भी बरामद हुए। पुलिस ने चालक नवजोत सिंह, ट्रक मालिक हिमाचल के कांगड़ा निवासी पवन कुमार और धीरज सिंह के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करते हुए शराब और ट्रक को सीज कर दिया है।
प्रति चक्कर मिलते थे 30 हजार
चालक ने पूछताछ में बताया कि उसे शराब की खेप सकुशल पहुंचाने पर प्रति चक्कर 30 हजार रुपये मिलते थे। वाहन पर फास्टैग नहीं लगा है। सभी टोल बूथ पर नकद भुगतान ही किया जाता है। धीरज सिंह उसे फोन पर ही बताता था कि शराब की खेप कहां पहुंचानी है।
अधिकारी बोले
पिपरी पुलिस व एसओजी की संयुक्त टीम ने झारखंड के रास्ते बिहार ले जाई जा रही अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप पकड़ी है। अवैध शराब तस्करी के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ है। मामले से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही और भी अहम खुलासे होने की संभावना है। -अनिल कुमार, एएसपी, मुख्यालय