पठान कोट में आतंकवादी हमले को लेकर जिले में विरोध का सिलसिला लगातार जारी है। मंगलवार की रात जहां राबर्ट्सगंज के चाचा नेहरू पार्क में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कैंडिल जलाकर देश के शहीद वीर सपूतों को श्रद्धांजलि अर्पित की वहीं डाला में हिंदु युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओें ने बुधवार को शहीद स्थल पर पाकिस्तान का पुतला फूंककर विरोध जताया। इस दौरान संगठनों ने पाकिस्तान के खिलाफ जवाबी कार्रवाई की मांग की।
राबर्ट्सगंज के चाचा नेहरू पार्क में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंगलवार की रात श्रद्धांजलि सभा के बाद गोष्ठी की। इसमें पार्टी नेता राजेश द्विवेदी ने कहा कि पाकिस्तान लगातार आतंकी हमला कराए जा रहा है और देश के जवान लगातार शहीद हो रहे हैं। लेकिन प्रधानमंत्री मोदी सिर्फ विदेशी दौरे में व्यस्त हैं।
शत्रुंजय मिश्रा ने कहा कि आतंकी हमला पाकिस्तान की कायरता का परिचायक है। उषा चौबे ने कहा कि केंद्र सरकार देश में हमला करने वालों को मुंहतोड़ जवाब दे। धीरज पांडेय और अमित चौबे ने कहा कि सभी को मिलकर आतंकवाद से निबटने की जरूरत है।
इस मौके पर विवेक सिंह, गप्पू जायसवाल, आकाश कुमार, सत्यम मिश्रा, विनय गौतम, अमन खां, अमन मौर्य, प्रियांश सिन्हा मौजूद रहे। उधर डाला में शहीद स्थल पर हिंदु युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं ने पाकिस्तान सरकार का पुतला दहन कर पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगाए। आतंकी हमले में शहीद भारत के वीर जवानों की आत्मशांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की। अध्यक्ष आकाश रावत ने कहा कि भारत सरकार व भारतीय जनता पाकिस्तान के तरफ से हो रहे आतंकवादी हमले को कत्तई बर्दाश्त नहीं करेगा। उपाध्यक्ष शिवम पांडेय, बृजेश मौर्या ने कहा कि इन शहीदों पर सभी को गर्व है। प्रदर्शन करने वालों में कोन मंडल कार्यकारिणी के संतोष कुमार, बबलू, हरेंद्र चंद्रवंशी, सुजीत सिंह, अमित शर्मा, चंदन शर्मा, रितेश, विजय विश्वकर्मा, संतोष सिंह, राकेश राय, अवनीश पांडेय, सुनील राय, शुभम पटेल, दीपक, आदित्य, शिवम बरनवाल, सिद्धांत मौजूद रहे।