सोनभद्र। जिले में संचालित आश्रम पद्धति के तीन विद्यालयों में शिक्षकाें और प्रधानाचार्यों के लिए ट्रांजिट हॉस्टल का निर्माण कराया जाएगा। इस पर 10.63 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
जिले में घोरावल, दुद्धी,उरमौरा सहित कुल चार राजकीय आश्रम पद्धति स्कूलों का संचालन किया जा रहा है। इन स्कूलों को नवोदय विद्यालयों के तर्ज पर विकसित करने पर सरकार का जोर है। इन स्कूलों में कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा के लिए तमाम संसाधन बढ़ाने जा रहे हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में तीन आश्रम पद्धति स्कूलों में शिक्षक नवोदय की तर्ज पर 24 घंटे स्कूलों में ही निवास करेंगे।
इससे यहां शिक्षण के साथ ही दिनचर्या में बेहतर परिणाम देखने को मिलेंगे। फिलहाल तीन स्कूलों में शिक्षकों और प्रधानाचार्य के लिए ट्रांजिट हॉस्टल का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए बजट भी जारी कर दिया गया है। आश्रम पद्धति विद्यालय दुद्धी में ट्रांजिट हॉस्टल के लिए 3.31 करोड़, घोरावल में 4.4 करोड़ और उरमौरा में 3.28 करोड़ रुपये ट्रांजिट हॉस्टल के निर्माण पर खर्च होंगे। ऐसे में अब शिक्षकोंं और प्रधानाध्यापक को किराए के भवनों में नहीं रहना होगा। प्रत्येक स्कूल में आधुनिक सुविधाओं से युक्त ट्रांजिट हॉस्टल का निर्माण यूपी सीडको करेगा।
आश्रम पद्धति के तीन स्कूलों में आधुनिक सुविधाओं से युक्त ट्रांजिट हॉस्टल का निर्माण होगा। इसे लेकर बजट जारी हो गया है। - शुभ नारायण, एई यूपी सीडको