सोनभद्र। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन सोनभद्र ने बृहस्पतिवार को पाकिस्तान के खिलाफ प्रदर्शन किया गया। संगठन के सदस्यों ने पाकिस्तान का पुतला दहन कर तिरंगा फहराते हुए भारतीय सेना के समर्थन में नारेबाजी की। ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर खुशी जाहिर की। व्यापारियों ने कहा कि देश का व्यापारी वर्ग हर परिस्थिति में सरकार और सेना के साथ है।
जिलाध्यक्ष कौशल शर्मा ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर ने आतंकवादियों का सफाया करने में बड़ी भूमिका निभाई है और भारत की प्रतिष्ठा की रक्षा की है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की ओर से देश के 15 से अधिक स्थानों को निशाना बनाने की साजिश को भारत ने अपनी तकनीकी क्षमता से नाकाम कर दिया है। जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तान का एयर डिफेंस सिस्टम भी तबाह किया गया, जिससे देशवासियों का मनोबल बढ़ा है। नगर अध्यक्ष प्रशांत जैन, जिला महामंत्री प्रितपाल सिंह और नगर महामंत्री जसकीरत सिंह ने कहा कि पाकिस्तान का असली चेहरा अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी बेनकाब हो चुका है। वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष राजेश जायसवाल और टीपू अली ने कहा कि पाकिस्तान की गरीबी और कट्टरपंथ आतंकवाद को बढ़ावा दे रहे हैं। इसलिए भारत को न केवल आतंकियों का सफाया करना है, बल्कि उन्हें समर्थन देने वाली पाकिस्तान सेना को भी निशाना बनाना चाहिए। जिला कोषाध्यक्ष शरद जायसवाल और वरिष्ठ उपाध्यक्ष विनोद जायसवाल ने कहा कि एक विकसित भारत और विखंडित पाकिस्तान ही हमारे सपनों का भारत है। उन्होंने कहा कि भारत ने सिंधु जल संधि को स्थगित कर पहले ही सख्त संदेश दे दिया है, अब पाकिस्तान को उसी की भाषा में जवाब देना जरूरी था। प्रदर्शन में कौशल शर्मा, प्रितपाल सिंह, राजेश जायसवाल, प्रशांत जैन, जसकीरत सिंह, शरद जायसवाल, अमित अग्रवाल सहित कई व्यापारी शामिल रहे।