एनएच 39 के अनपरा-सिंगरौली मार्ग पर सड़क हादसे में मृतक का का शव निकालती अनपरा पुलिस। संवाद
सोनभद्र/अनपरा/रेणुकूट। जिले की सड़क हादसों का सिलसिला नहीं थम रहा। पिछले 24 घंटे में हुए हादसों में संविदा लाइनमैन समेत तीन लोगों की मौत हो गई। तीनों बाइक सवार थे। महज तीन दिनों के भीतर सड़क हादसों में आठ लोग जान गंवा चुके हैं। यह हाल तब है, जब सड़क सुरक्षा यातायात माह के तहत अभियान चलाया जा रहा है।
पहली घटना रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के बिजौली पुल के पास बृहस्पतिवार की रात हुई। बेठिगांव निस्फ निवासी अमित विश्वकर्मा (22) संविदा लाइन मैन का काम करता था। पिता बहादुर के मुताबिक बृहस्पतिवार को अमित कुसुम्हा पावर हाउस पर ड्यूटी के लिए गया था। वहां से बिजौली के पास बिजली मरम्मत के लिए जा रहा था। राॅबर्ट्सगंज कि ओर से आ रही बेकाबू ट्रक ने उसे चपेट में ले लिया। मौके पर ही उसकी मौत हाे गई। अमित तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था। अभी उसकी शादी नहीं हुई थी। कोतवाल माधव सिंह ने बताया कि ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। चालक की तलाश की जा रही है। दूसरी घटना अनपरा में सिंगरौली मार्ग पर हुई। सिंगरौली निवासी श्याम झा (28) बृहस्पतिवार की देर रात काम कर काशी मोड़ से घर लौट रहा था। नेहरू चौक औड़ीमोड़ से आगे बंजारा होटल के सामने उसकी किसी बाइक से टक्कर हो गई। इसे लेकर दोनों में नोकझोंक भी हुई। वहां से श्याम झा जैसे ही आगे बढ़ा, पीछे से आ रही ट्रेलर की चपेट में आ गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया। इस दौरान हाईवे पर लंबा जाम लग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस वाहन को हटवाकर शव को पहिए से बाहर निकलवाया। इसके बाद हाईवे के जाम को खुलवाया। अनपरा एसओ बृजेश सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार मुकदमा दर्ज कर वाहन को कब्जे में ले लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी भेज दिया गया है। श्याम झा मूल रूप से बिहार के भागलपुर का रहने वाला था। सिंगरौली में वह अपने भैया-भाभी संग रहता था। उसकी अभी शादी नही हुई थी। वह काशी मोड़ स्थित एक ट्रांसपोर्टर के यहां मुंशी का काम करता था। तीसरी घटना पिपरी थाना क्षेत्र के गाढ़ा बैरियर के पास हुई। अनपरा के गरबंधा निवासी सोनू पांडेय अपने काम पर जाने के लिए रेणुकूट जा रहे थे। इसी दौरान वनदेवी मंदिर के समीप गाढ़ा बैरियर के पास एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में सोनू को सिर और पैर में गंभीर चोटे आई। हिंडाल्को अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद वाराणसी रेफर कर दिया गया, जहां रास्ते में ही सोनू पांडेय ने दम तोड़ दिया। पिपरी एसओ सत्येंद्र राय ने बताया कि पत्नी अनीता पांडेय की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी वाहन चालक की तलाश की जा रही है।
-
ट्रेलर की चपेट में आकर स्कूटी सवार दादी की मौत, पोता गंभीर
शक्तिनगर। सीमा से सटे मप्र के सिंगरौली में ट्रेलर की चपेट में आने से स्कूटी सवार दादी की मौत हो गई। वहीं स्कूली चला रहे पोते की हालत गंभीर बनी है। घटना से नाराज ग्रामीणों ने चक्का जाम कर दिया। इसके चलते करीब दो घंटे वाहनों की आवाजाही ठप रही। पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। सुखदेवी शाह (65) का इलाज कराने के लिए उनका पोता रमेश शाह अस्पताल जा रहा था। माड़ा थाना क्षेत्र के गढ़ागांव के पास पीछे से तेज गति में आ रहे ट्रेलर की चपेट में स्कूटी सवार आ गए। घटना में सुखदेवी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं स्कूटी चला रहे रमेश शाह को गंभीर चोट आई। उसे अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया। बंधौरा चौकी प्रभारी बीएल बंसल पुलिस टीम के साथ पहुंचे। उन्होंने बताया कि पुलिस ने भीड़ को शांत कराया।