अनपरा। अनपरा पुलिस को शनिवार को बड़ी सफलता मिली। पुलिस ने 48 घंटे के अंदर चोरी का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। चोरी का सामान व दो तमंचा, कारतूस भी बरामद किया है।
अनपरा थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश सिंह ने बताया कि अनपरा बाजार के महावीर चौक के समीप कटरा के सराफा व्यापारी संतोष कुमार वर्मा ने चोरी का मुकदमा दर्ज कराया था। बृहस्पतिवार की भोर में उनके दुकान का शटर तोड़कर दुकान से आभूषण चोरी हुआ था। शिकायत पर सीसीटीवी के माध्यम से चोरों की तलाश शुरू कर दी गई।
शनिवार की भोर में मुखबिर की सूचना पर काशी मोड़ से तीन युवकों को पकड़ा। तलाशी के दौरान दो युवकों के पास से एक-एक तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पुलिस तीनों को पकड़कर थाने ले आई। पूछताछ में युवकों ने अपना नाम संदीप गुप्ता, राजू गुप्ता और अजय कोल बताया। तीनों रेणुसागर चौकी क्षेत्र के परासी के निवासी हैं। पूर्व में भी उनके विरुद्ध कई मामले दर्ज हैं। चोरों की निशानदेही पर सराफा व्यापारी के दुकान से चोरी हुआ, सोने का पानी चढ़ा दो झुमका, एक मंगलसूत्र, एक जंजीर, चार अंगूठी सहित अन्य आभूषण बरामद हुए। तीनों के विरुद्ध संबंधित धाराओ में मुकदमा पंजीकृत कर न्यायालय में पेश कर रिमांड की मांग की गई है।