सत्य सनातन ट्रस्ट बनाकर करोड़ों की ठगी के मामले में गिरफ्तार किए गए आरोपी। - पुलिस
सोनभद्र/दुद्धी। सत्य सनातन ट्रस्ट बनाकर ठगी करने वाले गिरोह के सरगना सहित तीन को पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करने के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों से पूछताछ में कई जानकारियां मिली हैं। तीनों के पास से ठगी में प्रयुक्त एक-एक मोबाइल फोन भी बरामद हुए हैं। मिली जानकारियों के आधार पर आगे की जांच जारी है। मोबाइल में उपलब्ध रिकॉर्ड को भी खंगाला जा रहा है।
समन्वय (जेएमआईसी) पोर्टल पर उपलब्ध संदिग्ध बैंक खातों की जांच के दौरान रेणुकूट स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया में सत्य सनातन ट्रस्ट के खाते में 2.37 करोड़ का संदिग्ध लेन-देन पकड़ा गया। जांच में पता चला कि इस खाते के संबंध में राष्ट्रीय पोर्टल पर साइबर फ्रॉड की कुल 35 शिकायतें प्राप्त हुई थीं। हर बार मिली शिकायतों के क्रम में खाते को होल्ड-फ्रीज कराया जाता रहा। बाद में आरोपी उस खातों को कुछ बैंककर्मियों की मिलीभगत से खुलवा ले रहे थे।
मामले की छानबीन में नौगढ़ (चंदौली) थाना क्षेत्र के बागी बगही निवासी हरिकेश पांडेय उर्फ ऋषिकेश, दुद्धी कोतवाली क्षेत्र के महुअरिया निवासी अंजनी कुमार और रजखड़ निवासी वेदांत मौर्या का नाम प्रमुख रूप से सामने आया। यह भी पता चला कि संबंधित ट्रस्ट का कार्यालय दुद्धी कोतवाली क्षेत्र के रजखड़ में है। इसके बाद प्रभारी निरीक्षक साइबर सेल धीरेंद्र कुमार चौधरी ने दुद्धी कोतवाली में तहरीर देकर प्राथमिकी दर्ज कराई।
प्रभारी निरीक्षक दुद्धी विश्वनाथ प्रताप सिंह ने बताया कि मामला दर्ज होने के साथ ही एसपी अभिषेक वर्मा ने मामले में कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए थे। तीनों आरोपियों को रविवार की तड़के रेलवे स्टेशन परिसर रोड से गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के बाद न्यायालय में पेश किया गया। जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।