शक्तिनगर। इलाके में कोयला व राख ढुलाई में लगे ट्रक ट्रेलरों के चलते लगने वाले जाम से लोगों की परेशानी बढ़ती जा रही है। शनिवार को सुबह बीना क्षेत्र में राजमार्ग की दोनों पटरियों पर करीब तीन किलोमीटर लंबा जाम लग गया। इसके चलते ड्यूटी जाने वाले कर्मचारियों व स्कूल के लिए निकले बच्चों की बसें देर तक फंसी रहीं। मामले में कंपनी के अधिकरियों समेत 17 लोगों पर केस दर्ज किया गया है।
एनसीएल बीना एवं कृष्णशिला कोयला क्षेत्र से कोयला लदान करने रोजाना सैकड़ों की संख्या में ट्रक ट्रेलर यहां पहुंचते हैं। इन वाहनों की पार्किंग सड़क की पटरियों पर होने से आए दिन जाम की स्थिति हो जाती है। इस समस्या पर प्रशासन, पुलिस व कोल प्रबंधन की कई बैठकें हो चुकी हैं इसके बावजूद जनता को जाम से निजात नहीं मिल पा रही।
शनिवार को खदानों से कोयला लेने पहुंचे ट्रक ट्रेलरोंं के सड़क पर बेतरतीब खड़े होने से सुबह बीना से बांसी तक जाम लग गया। इस दौरान ड्यूटी, स्कूल, सहित अन्य जरुरी कार्य के लिए निकले राहगीरों को फजीहत झेलनी पड़ी। जाम को लेकर एनसीएल प्रबंधन एवं प्रशासन के बीच कई अहम् बैठकें हो चुकी हैं।
इस दौरान तय किया गया था कि बड़े वाहनों के लिए सड़क से हटकर पड़ाव स्थल बनाया जाएगा लेकिन पार्किंग की व्यवस्था नहीं होने से सुबह से शाम तक मुख्य मार्ग पर जाम आम हो गया है। शनिवार सुबह से दोपहर तक तीन किलोमीटर कोयला ट्रेलरो की लंबी कतार लग जाने से लोगोंं को घंटों परेशान होना पड़ा। क्षेत्रवासियों ने एनसीएल प्रबंधन व जिला प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराते हुए मुख्य मार्ग पर लग रहे जाम से निजात दिलाने की मांग किया है।