शक्तिनगर वाराणसी राजमार्ग स्थित हाथीनाला के समीप सड़क हादसे में क्षतिग्रस्त रोडवेज बस।
- फोटो : SONBHADRA
चोपन/रामगढ़/केकराही/डाला/म्योरपुर। जिले के अलग-अलग स्थानों पर मंगलवार को बीते 24 घंटे के भीतर हुए सड़क हादसों में एक महिला सहित तीन लोगों की मौत हो गई। वहीं आठ लोग घायल हुए हैं। घटनाएं चोपन थाना के सोन नदी पुल के पास, पन्नूगंज के गुरौटी गांव, करमा थाना क्षेत्र के खैराही पट्टी और हाथीनाला-रेेेणुकूट मार्ग की है।
चोपन बैरियर सोन पुल के समीप बुधवार की सुबह पांच अज्ञात वाहन की चपेट में आकर रियाज (62) निवासी चोपन बैरियर की मौत हो गई। परिजनों के अनुसार वह सुबह टहलने के लिए घर से निकले थे। इसी तरह पन्नूगंज थाना क्षेत्र के गुरौटी रोड पर शिवाला गांव मंदिर के पास मंगलवार की रात करीब आठ बजे चंद्रावती (60) पत्नी रामजतन निवासी चरकोनवा ऑटो से गुरौटी की तरफ जा रहीं थीं। इसी समय पीछे से आ रहे ट्रैक्टर ने ऑटो में धक्का मार दिया। चंद्रावती गंभीर रूप से घायल हो गईं। वाराणसी ट्रामा सेंटर में उनकी मौत हो गई। तीसरी घटना करमा थाना क्षेत्र के खैराही गांव के पास मंगलवार की रात में हुई। रात करीब दस बजे पतेरी गांव निवासी उमेश (18), राकेश(19) और अभिषेक (22) किसी काम से ऑटो में सवार होकर राबर्ट्सगंज की ओर जाने के लिए निकले। आटो खैराही चट्टी पर पहुंचा था तभी मिर्जापुर की तरफ से हिंदुआरी की तरफ जा रहा ट्रक टक्कर मारते हुए सड़क के किनारे चला गया। हादसे में ऑटो सवार तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने पीएचसी केकराही ले जा रही थी तभी उमेश ने दम तोड़ दिया। राकेश व अभिषेक को जिला अस्पताल से ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। उधर, म्योरपुर थाना क्षेत्र के मुर्धवा-बीजपुर मार्ग पर परदेवरी गांव में पिकअप के धक्के से दो छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल राजदेव (14) पुत्र भोला व राजेश (13) पुत्र सुखलाल निवासी बलियरी को भर्ती कराया गया।
--
बस-ट्रक की भिड़ंत में छह यात्री घायल
डाला। हाथीनाला थाना क्षेत्र के हाथीनाला-रेेेणुकूट मार्ग पर बुधवार की सुबह रोडवेज बस व ट्रक की भिड़ंत में बस सवार छह यात्री घायल हो गए। इसमें एक की हालत गंभीर है। शेष यात्रियों का प्राथमिक उपचार कराकर दूसरे बस से गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया। घायलों का नाम, पता नहीं चल सका।