म्योरपुर वन रेंज के बभनडीहा गांव में डीसीएम पर लदी लकड़ी के साथ पकड़े गए लोग।
- फोटो : SONBHADRA
म्योरपुर स्थानीय वन रेंज के बभनडीहा गांव के पास मंगलवार की सुबह वन विभाग की टीम ने एक डीसीएम खैर की लकड़ी बरामद की। कोई कागजात न मिलने पर टीम ने लकड़ी समेत वाहन को सीज कर दिया। तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर संबंधित धाराओं में चालान कर दिया।
म्योरपुर वन रेंज के जंगलों से खत्म हो रही खैर की लकड़ी को लेकर वन विभाग की टीम को मंगलवार को बड़ी कामयाबी मिली। म्योरपुर रेंजर शहजादा इस्माइलुद्दीन ने बताया कि सोमवार की रात में मुखबिर से सूचना मिली कि आरंगपानी गांव की ओर से एक डीसीएम पर खैर की लकड़ी लादकर ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही टीम गठित कर डीसीएम का इंतजार किया जाने लगा। जैसे ही डीसीएम बभनडीहा गांव के पास मुर्धवा-बीजपुर मार्ग पर पहुंची घेराबंदी कर पकड़ लिया। जांच की गई तो बड़ी मात्रा में खैर की लकड़ी लदी हुई मिली। लकड़ी संबंधित कागजात न दिखा पाने पर डीसीएम को लकड़ी समेत वन रेंज कार्यालय लाकर सीज कर दिया गया। तस्करी के आरोप में वन विभाग ने धर्मप्रकाश निवासी काशीकुड़, आरंगपानी, फहीम और निजामुद्दीन निवासी फिरोजाबाद को गिरफ्तार किया है।