शक्तिनगर। हर घर नल जल योजना के तहत इलाके में हो रहे कार्य में कई स्तरों पर मनमानी की जा रही है। पहले सड़कों को तोड़कर पाइप डाली गई और सड़क मरम्मत नहीं हो सकी। अब लाइन ट्रायल के नाम पर गांवों की सड़कों पर पानी बहाया जा रहा है। इसके चलते ग्रामीणों की आवाजाही दुश्वार हो गई है।
बीना क्षेत्र के ग्राम पंचायत चंदुआर, जवाहर नगर, घरसड़ी में हर घर जल नल योजना अंतर्गत पेयजल आपूर्ति के लिए ट्रायल में सड़कों पर पानी बह रहा है। इससे आने जाने वाले लोगो को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बुधवार सुबह से दोपहर तक कई स्थानों पर पानी बहने से जगह जगह कीचड़ हो रहा है। बताया जा रहा है आधा अधूरा जगहों पर समुचित ढंग से पाइप लगाया गया बाकी कई स्थानों पर पाइप कनेक्शन करना ही भूल गए है। जिसकी वजह से ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है ग्रामीणों ने जल योजना के उच्चाधिकारियों का ध्यान आकृष्ट किया है।