घोरावल कोतवाली क्षेत्र के उभ्भा चौकी अंतर्गत परसौना गांव में बुधवार की दोपहर चोरों ने दिनदहाड़े एक घर में लाखों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया। कच्चे घर में गोदरेज की अलमारी में रखे चार लाख रुपये से अधिक के जेवरात चोरों ने चोरी कर लिया। घटना के वक्त घर में कोई नहीं था। मामले में पीड़ित रितेश मौर्या ने घटना की सूचना नजदीक के उभ्भा चौकी पर दी।
भुक्तभोगी रितेश मौर्या ने बताया कि घर से दो सौ मीटर दूर खेत पर टमाटर लगाया जा रहा था। बीवी बच्चों समेत वह खेत पर गए थे। घर में कोई नहीं था। मकान तीन कमरों का है। कच्चा घर सीमेंट की शीट से छाया हुआ है। रितेश मौर्या ने बताया कि जब वे शाम को घर लौटे तो मुख्य दरवाजे का ताला व कुंडी उखड़ी पड़ी थी। अंदर जाकर देखा तो दूसरे वाले कमरे की कुंडी खुली थी। सबसे भीतर वाले कमरे में अलमारी खुली हुई थी। उसमें रखा हुआ सोने का मंगलसूत्र लॉकेट, तीन नथिया, मांगटीका, तीन छोटे लाकेट, दो लौंग, तीन अंगूठी, एक सिकड़ी और चांदी की पैजनी, हाथ मेहंदी, तीन पायल, दो चाभी गुच्छा, करधनी, बच्चे का करधन, सिकड़ी सब चोरी हो हुआ था। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर मौका मुआयना किया। चोर करीब चार लाख के आभूषण उठा ले गए। चौकी इंचार्ज का कहना है कि बालेंद्र यादव ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है।