दुद्धी। कस्बा स्थित प्राचीन शिवाजी तालाब में डूबे युवक के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद बृहस्पतिवार को परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस की छानबीन में नहाते समय पैर फिसलने से तालाब में डूबने की बात सामने आई है। उधर, घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सीओ कार्यालय में भी शोक छाया रहा।
शनिवार की देर शाम संदिग्ध हाल में प्राचीन तालाब में एक युवक डूब गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने तालाब में उसकी खोजबीन शुरू की। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद डूबे युवक को तालाब से बाहर निकाला गया तो उसकी शिनाख्त अविनाश पाल (25) निवासी प्रतापगढ़ के रूप में हुई। सीएचसी में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अविनाश के भाई विकास पाल यहां सीओ कार्यालय में मुंशी के पद पर तैनात हैं। पिछले कुछ दिनों से अविनाश उनके साथ ही रह रहा था। दो दिन पहले विकास अवकाश पर चले गए थे, मगर अविनाश दुद्धी में ही था। तालाब के पास स्थित एक मकान में किराए पर विकास पाल रहते थे। पुलिस क्षेत्राधिकारी दुद्धी रामाशीष यादव ने बताया कि जांच करने पर पता चला है कि युवक नहाने गया था। पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चला गया और उसकी मौत हो गई। शव का पोस्टमार्टम कराकर घरवालों को सुपुर्द कर दिया गया। परिजन शव को पैतृक गांव दाह संस्कार के लिए ले गए।