घोरावल। कोतवाली क्षेत्र के भैंसवार गांव में एक घर में घुसे व्यक्ति की ओर चोरी का मामला सामने आया है। आरोप है कि चोरी की घटना का विरोध करने पर मकान मालिक पर हमला कर दिया। इसके बाद नकदी और आभूषण लेकर फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है।
भैंसवार गांव निवासी रज्जू ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि पशुपालन कर परिवार चलाते हैं। 17 मई को वह खेत में भैंस चरा रहे थे, जबकि उनकी पत्नी राशन लेने कोटे की दुकान पर गई थी। जब वह घर में बंधी बकरी छोड़ने पहुंचे तो घर में सामान खटकने की आवाज आने लगी। आरोप है कि गांव का शमशेर कोल उनके घर ने घुसा था। वह सामान चोरी कर बाहर निकल रहा था। उसने उनके ऊपर चारपाई की पाटी से हमला कर दिया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आ गई। उसे ट्राॅमा सेंटर वाराणसी में भर्ती कराना पड़ा। पीड़ित के मुताबिक आरोपी ने घर में रखे दो हजार नकदी और कुछ गहने चोरी कर लिए। पुलिस ने आरोपी शमशेर के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दिया। प्रभारी निरीक्षक राम स्वरूप वर्मा ने बताया कि प्रकरण में जांच पड़ताल शुरू की गई तो सामने आया कि चोरी नहीं हुई है। आरोपित शमशेर मानसिक रूप से अस्वस्थ है। उसका चालान कर दिया गया। ट्राॅमा सेंटर से रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।