राबर्ट्सगंज रामलीला मैदान से यातायात जागरुकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना करते विधायक भूपेश च
- फोटो : SONBHADRA
सोनभद्र। यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से सोमवार को यातायात माह की शुरुआत हुई। रामलीला मैदान परिसर से सदर विधायक भूपेश चौबे और एसपी अमरेंद्र प्रसाद सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। नगर के विभिन्न मार्गों से भ्रमण करते हुए रैली पुन: रामलीला मैदान पहुंच कर सभा में तब्दील हो गई।
मुख्य अतिथि सदर विधायक भूपेश चौबे ने कहा कि दुर्घटना की अपेक्षा विलंब जरूरी है। यातायात नियमों का पालन कर सड़कों पर चलें और दुर्घटना से बचें। सड़क पर लगे ट्रैफिक नियमों के साथ सामने वाले की सुरक्षा का भी ध्यान रखें। नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने की अनुमति न दें। विशिष्ट अतिथि एसपी अमरेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि अभियान चलाकर आम जनमानस को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने का कार्य किया जा रहा है। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए सभी को जागरूक करना अति आवश्यक हो चुका है। एसपी ने कहा कि नशे की हालत में वाहन न चलाएं, निर्धारित मानक से अधिक सवारी न बैठाएं, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग कदापि न करें। चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट और दो पहिया वाहनों पर हेलमेट का प्रयोग करें। जीजीआईसी इंटर कॉलेज से अध्यापिका नेहा विश्वकर्मा, प्राची गुप्ता के नेतृत्व में बच्चों ने रैली निकाल कर लोगों को जागरूक किया। एएसपी मुख्यालय विनोद कुमार, सीओ राजकुमार त्रिपाठी, कोतवाल सत्य नारायण मिश्रा, यातायात प्रभारी राजेश कुमार सिंह, रामशकल चौबे, रतनलाल गर्ग, राजेश गुप्ता, संदीप सिंह, कौशल शर्मा, चंदन केसरी, मोहनलाल केसरी, मिठाई लाल सोनी, प्रेमशंकर मिश्रा, केजी राय, संजय सिंह आदि मौजूद रहे।