चोपन थाना क्षेत्र के गुरमुरा गांव में बाइक सवार किराना दुकानदार की हत्या मामले में नया मोड़ आया है। हमलावरों ने पहले दुकानदार के कमर में गोली मारी। फिर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए।
मेडिकल परीक्षण में इसकी आशंका के बाद शव को अब पोस्टमार्टम के लिए वाराणसी भेज दिया गया। गुरमुरा गांव में मंगलवार की देर शाम बाइक सवार किराना दुकानदार राकेश गुप्ता (25) पुत्र ओमप्रकाश की बदमाशों ने साप्ताहिक बाजार से लौटते समय हत्या कर दी थी।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया था। बुधवार को पोस्टमार्टम होना था। परीक्षण में सामने आया कि बदमाशों ने मृतक को पहले कमर में गोली मारी, जो जगह बनाते हुए निकल गई थी।
डॉक्टर की रिपोर्ट के बाद पोस्टमार्टम से पहले शव की जांच के लिए रेडियोलाजिस्ट की जरूरत थी। जिले में चिकित्सक न होने के कारण शव को पोस्टमार्टम के लिए वाराणसी भेज दिया गया।
वहीं मृतक के पिता ओमप्रकाश की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात हमलावरों पर मुकदमा दर्ज किया है। राकेश गुप्ता मूल रूप से सागोबांध का रहने वाला था। वह कुछ वर्षों से गुरमुरा में मकान बनाकर परिवार के साथ रहता था।
कई बिंदुओं पर जांच में जुटी पुलिस
चोपन पुलिस हत्याकांड के खुलासे में जुटी हुई है। मृतक का अंतरजातीय विवाह एक साल पूर्व हुआ था। इसे लेकर दोनों परिवारों में खींचतान है। पंद्रह दिन पूर्व कुछ लोगों से राकेश का उसी की दुकान पर रात में विवाद भी हुआ था। घटना स्थल पर तांबे की एक बोरी तार मिलने से चोपन पुलिस अचंभित है।