सोनभद्र/दुद्धी। कासगंज में महिला अधिवक्ता मोहिनी तोमर की हत्या के विरोध में अधिवक्ताओं का आक्रोश नहीं थम रहा। शनिवार को रॉबर्ट्सगंज और दुद्धी कचहरी में अधिवक्ताओं ने जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। वह न्यायिक कार्य से भी विरत रहे। हत्यारोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। इस संबंध में ज्ञापन मुख्यमंत्री को प्रेषित किया।
रॉबर्ट्सगंज में सोनभद्र बार और डिस्टि्रक्ट बार एसोसिएशन ने आंदोलन को समर्थन देते हुए संयुक्त रूप से विरोध प्रदर्शन किया। हत्यारों को 48 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई करने, मृतक आश्रितों को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता और परिवार के एक सदस्य को तत्काल नौकरी देने की मांग की।
अधिवक्ता प्रोटेक्शन एक्ट को शीघ्र विधि आयोग से स्वीकृत कराकर प्रदेश में लागू करने की भी आवाज बुलंद की। अध्यक्षता सोनभद्र बार एसोसिएशन की अध्यक्ष पूनम सिंह व संचालन राजीव सिंह गौतम ने किया। प्रदर्शन में डिस्ट्रिक्ट वार अध्यक्ष श्याम बिहारी यादव, महामंत्री सलीम कुरैशी, रमेश देव पांडेय, सुरेंद्र पांडेय, सत्यदेव पांडेय, महेंद्र प्रसाद आदि रहे। उधर, सिविल एवं दुद्धी बार एसोसिएशन ने संयुक्त रूप से शनिवार को न्यायिक कार्य से विरत होकर जुलूस निकालकर विरोध प्रदर्शन किया। सीएम योगी के नाम संबोधित ज्ञापन एसडीएम दुद्धी निखिल यादव को सौंपा। सिविल बार अध्यक्ष विष्णुकांत तिवारी, प्रभु सिंह कुशवाहा, सत्यनारायण यादव ने घटना की निंदा की और आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई किए जाने की मांग की। इस मौके पर कुलभूषण पांडेय, नंदलाल अग्रहरि, प्रेमचंद यादव, राजेन्द्र प्रसाद, आनंद आदि रहे।