अनपरा नगर पंचायत के बजरंग नगर में रविवार की देर शाम बड़ा हादसा टल गया। रेलवे पुल का कार्य करा रही संविदा कंपनी की लापरवाही से कई मकान क्षतिग्रस्त हो गए। स्थानीय लोगों ने भाग कर अपनी जान बचाई।
बता दें कि शक्तिनगर से चोपन तक रेलवे दोहरीकरण का कार्य चल रहा है। अनपरा नगर पंचायत के बजरंगनगर में रेलवे पुलिया के निर्माण में कई लोगों का खेत व मकान जद में आ रहे हैं। स्थानीय निवासी सरस्वती देवी ने बताया कि घर में विकलांग पति है। शनिवार की देर शाम अपने किचन में खाना बना रही थी, तभी पत्थर गिरने लगा। कुछ लोग बाहर से आवाज दे रहे थे कि मकान गिर रहा है। उनकी आवाज सुनकर वह अपने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ बाहर निकली। कुछ ही देर बाद किचन भर भराकर गिर गया। अब वह दूसरे के घर में शरण लिये हुए हैं। मीना देवी, लखन सिंह, कृष्णा मेहता समेत अन्य लोगों ने बताया कि रेलवे ने अभी तक किसी भी काश्तकार व मकान मालिक को मुआवजा नहीं दिया है। तहसीलदार व पूर्व के उपजिलाधिकारी ने उन लोगों के मकान का आबादी प्रमाण पत्र दिया है। इसके साथ ही हम लोगों के मकान व सामान का आकलन कर मुआवजा भी बनाया गया है लेकिन अब तक मुआवजा नहीं मिला। आरोप लगाया कि ठेकेदार की ओर से लगातार मकान खाली करने को कहा जा रहा है। शनिवार को हम लोगों के मकान के नीचे से पोकलेन से मिट्टी काट दी गई। पीड़ितों ने मुआवजा दिलाने के साथ नुकसान की भरपाई की मांग की है।