बेरोजगार युवाओं को रेलवे में नौकरी का झांसा देकर ठगी करने के आरोपी पर पुलिस का शिकंजा कसने लगा है। कोर्ट के आदेश के बावजूद फर्जी सीआईडी अफसर बना आरोपी फरार चल रहा है। ऐसे में पुलिस कुर्की की कार्रवाई में जुटी है।
करमा थाना क्षेत्र के सेमरी गांव निवासी विपिन मिश्र ने सितंबर 2024 में न्यायालय के जरिए बभनी निवासी समसुद्दीन उर्फ डब्बू (42) पर धोखाधड़ी का केस दर्ज कराया था। आरोप था कि उसकी पहचान छपका स्थित एक दुकान पर समसुद्दीन से हुई थी। उसने खुद को सीआईडी आफिसर बताया था।
उसके कार पर भी सीआईडी का मोनो ग्राम लगा था। भरोसे में लेकर उसने उससे रेलवे में नौकरी लगवाने के बदले चार लाख रुपये लिए। इसके बाद कई बार में अपने खाते में 3.58 लाख रुपये जबकि 50 हजार रुपये नकद लिए। जनवरी 2023 में फर्जी नियुक्ति पत्र व्हाटसएप पर भेजा गया।
इसके बाद जॉइनिंग को बहाने बनाकर टालता रहा। फिर समसुद्दीन भर्ती कैंसिल होने की बात करते हुए पैसा लौटाने का आश्वासन देता रहा। बाद में पैसे मांगने पर तरह-तरह की धमकी देने लगा। इस मामले में कोर्ट के आदेश पर राॅबर्ट्सगंज पुलिस ने सितंबर 2024 में ठगी, धोखाधड़ी, जालसाजी सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया था।
आरोपी तब से पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहा है। कोर्ट के आदेश पर लोढ़ी चौकी प्रभारी संजय सिंह आरोपी के घर पहुंचे। वहां मुनादी कराने के साथ ही नोटिस चस्पा किया गया। पुलिस आरोपी के घर कुर्की की कार्रवाई में जुटी है।