बेसिक शिक्षा विभाग में नव चयनित 38 शिक्षकों को शुक्रवार को नियुक्ति पत्र दिया गया। स्वामी हरसेवानंद पब्लिक स्कूल चुर्क में समारोह के बीच मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष राधिका पटेल और सदर विधायक भूपेश चौबे ने सभी को नियुक्ति पत्र दिया। नियुक्ति पत्र पाते ही अध्यापकों के चेहरे खिल उठे।
प्रदेश स्तर पर लखनऊ में हुए समारोह में सीएम योगी आदित्यनाथ के माध्यम से नवनियुक्त शिक्षकों को नियुक्ति पत्र वितरित करने के बाद जिले में नियुक्ति पत्र वितरण किया गया। जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार हर स्तर पर लोगों की मदद कर रही है। विधायक ने कहा कि सबका साथ सबका विकास और सबका विश्वास की नीति के तहत सरकार काम कर रही है। डीएम अभिषेक सिंह ने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ पात्रों को देने का हरसंभव प्रयास किया जा रहा है। सीडीओ डॉ. अमित पाल शर्मा ने कहा कि जल्द ही नवनियुक्त शिक्षकों को विद्यालय आवंटित कर दिए जाएंगे। कार्यक्रम में पूर्व विधायक तीरथराज, अपना दल जिलाध्यक्ष सत्यनारायण पटेल, खंड शिक्षा अधिकारी सुरेंद्र प्रताप सहाय, आलोक यादव, रमाकांत राम, मुकेश कुमार आदि मौजूद रहे। संचालन शिक्षक मनीष पटेल ने किया।