राबर्ट्सगंज फ्लाईओवर के समीप सड़क मरम्मत की मांग को लेकर जिला प्रशासन का पुतला फूंकते सपा कार्य?
- फोटो : SONBHADRA
नगर की बदहाल सड़कों की मरम्मत में उदासीनता से नाराज सपा कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को विरोध प्रदर्शन किया। बढ़ौली के समीप फ्लाईओवर के नीचे जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला फूंका। क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों को भी इसका जिम्मेदार बताते हुए खरी खोटी सुनाई।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे सपा के जिला सचिव प्रमोद यादव ने कहा कि नगर की सड़कें जर्जर हैं। फ्लाईओवर के नीचे बनी सर्विस लेन की स्थिति बदतर है। सड़क की गिट्टियां उखड़ चुकी है। गड्ढों में गिरकर आए दिन लोग जख्मी हो रहे हैं। इसी रास्ते से आने-जाने वाले जनप्रतिनिधि और अफसर आंख मूंदे हुए हैं। प्रदेश की भाजपा सरकार ने वादा किया था कि प्रदेश की सड़कें गड्ढामुक्त होंगी, लेकिन इसकी आड़ में कागजों पर काम दिखाकर धन का बंदरबांट किया गया है। उन्होंने कहा कि इस बार जिले में प्रभारी मंत्री का आगमन हुआ तो सपाई उन्हें काला झंडा दिखाकर विरोध करेंगे। प्रदर्शन में हिफाजत अली, रवि यादव, आनंद पटेल, शेरू खां, गोरख यादव, जुनैद अंसारी, मोती कोल, मुन्ना कुशवाहा, हीरा सोनकर, गोपाल गुप्ता, नीरज केसरी, सुदामा विश्वकर्मा आदि शामिल रहे।