अनपरा/दुद्धी। अनपरा थाना क्षेत्र के परियोजना के आवासीय परिसर के कमरे में एक कर्मचारी का शव पंखे से दुपट्टे के सहारे लटकता हुआ मिला। उधर, दुद्धी कोतवाली क्षेत्र के रन्नू गांव में रविवार की सुबह चिलबिल के पेड़ पर एक व्यक्ति का शव लटका मिला। संबंधित पुलिस ने दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए।
जौनपुर निवासी अमित यादव (25) अनपरा क्षेत्र की निजी परियोजना में इंजीनियर के पद पर नौकरी करता था। शनिवार की देर रात वह दोस्तों संग एक शादी में गया हुआ था। वहां से सभी भोर में लौटे। देर होने के कारण अपने घर न जाकर वह अपने दोस्त के यहां बाहर वाले कमरे में सो गया। सुबह होने पर जब उस घर के लोग उठे तो देखा कि अमित पंखे में दुपट्टे के सहारे लटका था। घटना की सूचना परिजनों को दी गई। सूचना पर परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस भी मौके पर पहुंची। युवक को फंदे से उतारकर नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
दुद्धी :कोतवाली क्षेत्र के रन्नू गांव निवासी शिवनाथ गोंड (50) घर से रविवार की सुबह निकले थे। घर से करीब एक किलोमीटर दूर चिलबिल के पेड़ से गमछे के सहारे उनका शव लटका मिला। जानकारी होने पर परिजनों ने सूचना कोतवाली पुलिस को दी। घटना की वजह का पता नहीं चल सका है। संवाद
पिता के साथ रहता था अमित
अमित का एक छोटा भाई और एक बहन है। बहन की शादी हो चुकी है। छोटा भाई बाहर रहकर मेडिकल की पढ़ाई कर रहा है। मां की कोरोना काल में मृत्यु हो चुकी है। अमित अपने पिता के साथ रहता था।
एक महीने पहले हुई थी शादी
अमित की शादी एक माह पूर्व ही हुई थी। पत्नी परीक्षा देने के लिए मायके गई है। घर या बाहर में किसी से भी कोई विवाद की बात सामने नहीं आई है। शनिवार की देर रात भी शादी के रिसेप्शन में वह सबसे अच्छे से मिला और चेहरे पर मुस्कान थी। परिवार सहित आसपास के लोगों को विश्वास नहीं हो रहा कि उसने ऐसा कदम क्यों उठा लिया।