वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर सुकृत चौकी क्षेत्र के तकिया गेट के समीप शुक्रवार की रात्रि ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार की मौत हो गई। उसकी बाइक ट्रक में फंसकर करीब एक किमी दूर तक घिसटती रही। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है।
सुकृत निवासी सुदर्शन तिवारी (41) पुत्र ब्रह्मानंद तिवारी ट्रक चालक था। वह शुक्रवार को घर आया था। रात में घर से पैदल ही निकला था। रास्ते में तकिया गांव से अपने दोस्त की बाइक लेकर किसी काम से सुकृत बाजार के लिए निकला था। रात करीब दस बजे ट्रक की चपेट में आ गया। घटना के बाद वह सड़क पर पड़ा रहा। उसकी बाइक ट्रक में फंस कर एक किमी घिसटते हुए सुकृत पुलिस चौकी के करीब पहुंच गई। स्थानीय लोगों ने पहचान कर घर पर सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजन सुदर्शन को लेकर तत्काल ट्रॉमा सेंटर वाराणसी चले गए। वहां उपचार के दौरान शनिवार को उसकी मौत हो गई। अस्पताल से मिली सूचना पर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।