दुद्धी। कोतवाली क्षेत्र के रजखड़ गांव में मंगलवार की सुबह एक टेंपो में सवार महिला रेवती देवी (40) ट्रक की चपेट में आ गई। टेंपो से महिला का पैर बाहर निकला था, जिससे वह ट्रक के पिछले पहिये में फंस गया और महिला सड़क पर गिर गई और कुछ दूर तक घसीटते हुए चली गई। जिला अस्पताल ले जाते समय उसने दम तोड़ दिया।
दुम्हान गांव से रेवती देवी पत्नी राजेश सिंह मंगलवार की सुबह एक टेंपो से सब्जी लेकर मंडी में बेचने के लिए जा रही थी। रजखड़ गांव में बगल से गुजर रहे ट्रक में महिला का दोनो पैर फंस गया और बुुरी तरह से कुचल गया। कुछ दूर घसिट कर गई महिला सड़क पर लहूलुहान होकर तड़पने लगी। यह देख आसपास के लोगों ने फौरन मामले की जानकारी पुलिस और एंबुलेेंस को दी।
एंबुलेंस से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी में ले जाकर भर्ती कराया गया। यहां हालत गंभीर देख चिकित्सक ने उसे जिला अस्पताल के लिए रिफर कर दिया। रास्ते में घायल महिला की मौत हो गयी। प्रभारी निरीक्षक विनोद यादव ने बताया कि ट्रक को कब्जे में लेकर चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
उधर डाला प्रतिनिधि के अनुसार डाला से ओबरा जा रहे बाइक सवार ने कोठा टोला में साइकल सवार को धक्का मार दिया। इससे बाइक सवार बृजेश (25) निवासी कोठा टोला, साइकल सवार तेजबली (45) निवासी सेक्टर बी चौराहा घायल हो गए। सोमवार की रात साढ़े आठ बजे हुई दुर्घटना में घायल दोनों युवकों को चोपन सीएचसी में भर्ती कराया गया है।