पन्नूगंज थाना अंतर्गत पन्नूगंज बाजार में आर्यावर्त बैंक के पास शुक्रवार की शाम सड़क पार कर रहे बालक को बचाने की कोशिश में सवारियों से भरा टेंपो पलट गया। हादसे में टेंपो सवार वृद्धा की मौत हो गई। मां-बेटा समेत छह यात्री घायल हुए। इसमें पांच महिलाएं शामिल हैं। सभी को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
रामगढ़ से सवारियों को लेकर टेंपो रामपुर बरकोनिया थाना क्षेत्र के डुमरिया गांव के लिए निकला। कुछ दूर जाने पर ही पन्नूगंज बाजार में आर्यावर्त बैंक के पास अचानक एक बालक सड़क पार करने लगा। उसे बचाने की कोशिश में टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गया।
हादसे में टेंपो सवार डुमरिया गांव निवासी जगरानी (75) पत्नी पारस, चमेली (45) पत्नी रामजी, आरती (45) पत्नी रामधीन, नेवारी गांव निवासी फूलमती (50) पत्नी महेंद्र, पुष्पावती (50) पत्नी सत्यनारायण, सुनीता (40) पत्नी सुनील और उसका पुत्र प्रियांशु (1) गंभीर रूप से घायल हो गए।
आसपास के लोगों की मदद से सभी घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चतरा ले जाया गया, जहां डाॅक्टरों ने जगरानी को मृत घोषित कर दिया। फूलमती, पुष्पावती, चमेली और सुनीता को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने जगरानी के शव का पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। एसओ केदारनाथ मौर्य ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त टेंपो को कब्जे में ले लिया गया है। तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।