घोरावल। बजरंग स्पोर्टिंग क्लब की ओर से अहरौरा गांव में आयोजित दो दिवसीय श्रीबजरंग वॉलीबाल प्रतियोगिता का मंगलवार की देर रात समापन हुआ। शहरी वर्ग की प्रतियोगिता में रामनगर की टीम और ग्रामीण वर्ग में मूसाखाड़ की टीम विजेता बनी।
शहरी टीमों का पहला सेमीफाइनल प्रकाश पाली क्लीनिक और मिर्जापुर बीच खेला गया। इसमें प्रकाश पाली क्लीनिक की 2-1 से विजेता रही। दूसरे सेमीफाइनल में रामनगर की टीम नें लगातार 2 सेटों से तुलापुर को हराया। फाइनल मुकाबले में रामनगर की टीम ने प्रकाश पाली क्लीनिक सोनभद्र की टीम को 2-0 से हरा कर बजरंग ट्राफी (शहरी) पर कब्जा जमाया। ग्रामीण वर्ग की प्रतियोगिता का फाइनल मैच मूसाखाड़ की टीम और बजरंग क्लब अहरौरा के बीच खेला गया। इसमें मूसाखाड़ की टीम 2-0 से विजेता रही।
मुख्य अतिथि भारत फाउंडेशन के अध्यक्ष सुनील उर्फ जैकी पांडेय ने कहा कि खेल व्यक्ति को स्वस्थ एवं अनुशासित रखने में सहायक होती है। प्रतियोगिता में मैच रेफरी की भूमिका प्रवीण सिंह, राम अवतार सिंह और स्कोरर की भूमिका उज्ज्वल त्रिपाठी, अनुराग ने निभाई।