जिले के परिषदीय स्कूलों में बच्चों को ड्रेस, बैग, जूता आदि का पैसा सीधे अभिभावकों के खातों में भेजने के लिए डीबीटी कार्य शिक्षकों से कराए जाने के विरोध में शुक्रवार को पूर्व माध्यमिक शिक्षक संघ ब्लॉक इकाई करमा के कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की। डीबीटी का कार्य बिना कोई उपकरण, मोबाइल डाटा दिए शिक्षकों से कराए जाने पर आपत्ति जताते हुए खंड शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में बताया कि कई शिक्षक ऐसे हैं जो एंड्रॉइड मोबाइल चलाने में असमर्थ हैं। बेसिक शिक्षा विभाग ने अभी तक मोबाइल और डाटा पैक उपलब्ध नहीं कराया है। ऐसी स्थिति में दबाव बनाकर कार्य कराया जाना उचित नहीं है। डीबीटी का कार्य कंप्यूटर ऑपरेटर से कराए जाने की मांग की। खंड शिक्षा अधिकारी अरविंद कुमार ने कहा कि इस समस्या से बीएसए के माध्यम से शासन स्तर पर अवगत करा दिया जाएगा। समस्या का उचित समाधान किया जाएगा। इस दौरान पूर्व माध्यमिक शिक्षक संघ करमा के ब्लॉक अध्यक्ष हिफाजत हुसैन, महामंत्री यतीश कुमार, संगठन मंत्री वजूद अहमद खान, अरविंद कुमार आदि शामिल रहे।