शक्तिनगर। सीमा से सटे मध्यप्रदेश के सिंगरौली में दस दिन पहले डेढ़ वर्षीय मासूम की हत्या का पुलिस ने खुलासा किया है। मामले में गिरफ्तार की गई महिला ने पति के अवैध संबंध के शक में मासूम की गला दबाकर जान ली थी। उसे यह शक था कि बच्ची उसके पति व प्रेमिका की है। सिंगरौली के गढ़वा थाना क्षेत्र में स्थित नेवारी गांव निवासी संतोष कुमार पनिका की डेढ़ वर्षीय बेटी प्रियांशी 22 फरवरी को लापता हो गई थी। वह घर के पास खेल रही थी, लेकिन उसके बाद अचानक कहीं चली गई।
23 फरवरी को प्रियांशी का शव घर के दक्षिण दिशा में गेहूं के खेत से बरामद हुआ। शव का पोस्टमार्टम पहले सीएचसी चितरंगी में कराया गया। परिजनों के असंतुष्ट होने पर पुनः संजय गांधी मेडिकल कॉलेज रीवा में पोस्टमार्टम हुआ। रिपोर्ट में मृत्यु का कारण मुंह व गला दबाने से दम घुटना पाया गया। जांच के दौरान भौतिक एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी रानी देवी पनिका (28) निवासी ग्राम नेवारी को हिरासत में लिया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी को अपने पति और मृत बच्ची की मां के बीच अवैध संबंध होने का संदेह था। वह बच्ची को अपने पति की संतान मानती थी।
इसी संदेह के चलते 22 फरवरी को बच्ची को अकेला पाकर अपने घर ले गई और बिस्तर पर लिटाकर उसका मुंह व गला दबाकर हत्या कर दी। थाना प्रभारी विद्या वारिधि तिवारी ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जिला जेल भेज दिया गया। संवाद