सोनभद्र जिले में रॉबर्ट्सगंज के सपा सांसद छोटेलाल खरवार ने अपने संसदीय क्षेत्र में रेल सुविधाओं की बहाली और विस्तार को लेकर लोकसभा में अनोखे अंदाज में आवाज उठाई। उन्होंने भोजपुरी लोकगीत के माध्यम से क्षेत्र की समस्याओं को सदन में रखा, जिससे मुद्दा प्रमुखता से चर्चा में आया। सांसद ने इस संबंध में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र भी सौंपा है।
सांसद ने कोविड-19 के बाद बंद पड़ी यात्री रेल सेवाओं को पुनः शुरू कराने और नई सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है। कहा कि महामारी से पहले चोपन-कटनी, चोपन-शक्तिनगर समेत कई पैसेंजर ट्रेनें संचालित होती थीं, जो दैनिक यात्रियों, छात्रों और श्रमिकों के लिए प्रमुख साधन थीं। वर्तमान में इनके बंद होने से ओबरा डैम, फ़फ़राकुंड, मगरदहा, खुलदिल रोड, मिर्चाधुरी, करेला, चुर्क, सिंगरौली सहित कई स्टेशनों पर यात्री ट्रेनों का ठहराव नहीं हो रहा है, जिससे ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।
इसे भी पढ़ें; Chaitra Navratri 2026: कलश स्थापना के तीन मुहूर्त, नौ दिनों तक घरों में विराजेंगी मां दुर्गा
सांसद ने धनबाद-लोकमान्य तिलक टर्मिनस स्पेशल ट्रेन (03379/03380) को चोपन होकर चलाने या वहां ठहराव देने की मांग भी उठाई। उन्होंने बताया कि वर्तमान में यह ट्रेन ओबरा से गुजरती है, जिससे यात्रियों को 35-40 किलोमीटर अतिरिक्त यात्रा करनी पड़ती है।
इसके अलावा त्रिवेणी एक्सप्रेस की पूर्व की भांति चार बोगियों को बरवाडीह, विंढमगंज, दुद्धी होते हुए रेणुकूट-चोपन तक जोड़ने, रांची राजधानी (12453/12454) का सप्ताह में दो दिन सोनभद्र में ठहराव तथा लखनऊ में स्टॉपेज देने की भी मांग की गई है। सांसद छोटेलाल खरवार ने कहा कि रेल सेवाओं की बहाली से जिले की गरीब और ग्रामीण आबादी को काफी राहत मिलेगी, जो सीमित सड़क संपर्क के कारण रेल पर निर्भर हैं। उन्होंने रेल मंत्री से जनहित में शीघ्र कार्रवाई करने का आग्रह किया है।