दुद्धी। सहकारी क्रय विक्रय समिति लिमिटेड के डायरेक्टर पद पर चुनाव के बाद मतगणना के दौरान सोमवार की रात जमकर हंगामा हुआ। अंतिम राउंड की मतगणना के दौरान सपा और भाजपा समर्थक भिड़ गए। अचानक से जनरेटर बंद होने के बीच कुछ लोगों ने मतपत्र फाड़ दिया। एक-दूसरे पर कुर्सियां फेंकते हुए हाथापाई की। पुलिस ने किसी तरह स्थिति संभाला। दोनों पक्षों को मतगणना स्थल से बाहर किया। बाद में डीएम के निर्देश पर मतगणना को अग्रिम आदेश तक के लिए स्थगित कर दिया गया।
डायरेक्टर के दस पदाें के लिए सोमवार को मतदान हुआ था। व्यक्तिगत श्रेणी की सात सीटों के लिए कुल 2989 में से 1631 मतदाताओं ने वोट दिया था। मतदान के बाद देर शाम मतों की गिनती शुरू हुई। बूथ संख्या चार, पांच, छह, सात, आठ तक के गिनती में सपा समर्थित उम्मीदवार आगे रहे। जैसे ही बूथ संख्या नौ व दस की मतपेटी खोलकर गिनती शुरू हुई, तभी अचानक जनरेटर की लाइट कट गई। मौके पर अफरा तफरी मच गई। मतगणना स्थल पर कुछ लोग पहुंच कर हंगामा करते हुए मतपत्र फाड़ दिए। इसी दौरान भाजपा व सपा कार्यकर्ताओं में नोकझोक होने लगी। एक-दूसरे पर कुर्सियां उछालने लगे। पुलिस ने बीच बचाव कर किसी तरह स्थिति संभाला। निर्वाचन अधिकारी ने घटना की सूचना एसडीएम को दिया। देर रात करीब 11 बजे एसडीएम सुरेश राय मौके पर पहुंचे। सपा कार्यकर्ता पुलिस-प्रशासन पर सत्ता पक्ष के दबाव में चुनाव कराने का आरोप लगाने लगे। एसडीएम ने किसी तरह मामले को शांत कराया।
एसडीएम ने बताया कि डीएम के निर्देशानुसार यथास्थिति को बनाए रखते हुए मतगणना रोककर सभी प्रत्याशियों के समक्ष मतपेटी को सील किया गया। अग्रिम आदेशों तक मतगणना को रोक दिया गया है। उधर, देर रात निर्वाचन अधिकारी ने चुनाव में बाधा डालने वालों के विरुद्ध थाने में तहरीर दी। प्रभारी निरीक्षक नागेश सिंह ने बताया कि तहरीर के मुताबिक अज्ञात लोगों पर केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है। तीन लोगों का शांति भंग में चालान किया गया है। वहीं सुरक्षा के मद्देनजर पिपरी सीओ प्रदीप सिंह चंदेल, प्रभारी निरीक्षक नागेश सिंह, कस्बा चौकी इंचार्ज संजय सिंह, महिला थानाध्यक्ष सविता सरोज, विंढमगंज, हाथीनाला, म्योरपुर, बभनी, बीजपुर के थानाध्यक्ष सहित दो प्लाटून पीएसी के जवान मौजूद रहे।
निष्पक्ष चुनाव नहीं हुआ तो आंदोलन करेगी सपा
दुद्धी के डीसीएफ काॅलोनी स्थित गोंडवाना भवन में सपा के जिलाध्यक्ष रामनिहोर यादव ने मंगलवार को प्रेस वार्ता की। आरोप लगाया कि प्रशासन की लापरवाही एवं पुलिस के अधिकारियों की मिलीभगत से भाजपा कार्यकर्ताओं ने बैलेट पेपर फाड़कर मारपीट और हंगामा किया। पुनः मतगणना कराकर निष्पक्ष चुनाव कराते हुए भाजपा कार्यकर्ताओं के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई नहीं की जाती तो कोर्ट का सहारा लिया जाएगा। सपा कार्यकर्ता आंदोलन के लिए भी बाध्य होंगे। प्रेस वार्ता में लोक सभा चुनाव प्रभारी राज नारायण कोल, रामलोचन तिवारी, सेकरार अहमद, जगदीश आदि मौजूद रहे।