सोनभद्र। जिले में पांच दिन से रुक-रुककर बारिश हो रही है, लेकिन बृहस्पतिवार की भोर से देर शाम तक हुई बारिश का व्यापक असर देखने को मिला। ग्रामीण क्षेत्र की सड़कें जहां कीचड़युक्त हो गईं, वहीं शहरी क्षेत्रों में कई इलाकों में जल भराव हो गया। इससे लोगों को आवागमन में काफी परेशानी उठानी पड़ी। उधर, बारिश में किसान खेती-किसानी के काम में जुट गए हैं।
बृहस्पतिवार को दिन के 11 बजे जिला मुख्यालय राबर्ट्सगंज नगर की पड़ताल करने में जगह-जगह जलजमाव की स्थिति देखने को मिली। नगर के बढ़ौली चौक के समीप, नवीन सब्जी मंडी के सामने, इमरती कालोनी के पास, धर्मशाला चौक, ब्रह्मनगर, अशोक नगर, आंबेडकर नगर, विकास नगर, नई बस्ती में बारिश का पानी लग गया। नालियां जाम होने से जलनिकासी में हो रही दिक्कत से लोगों की ज्यादा फजीहत हुई। बारिश की वजह से बाजार में बहुत कम लोग ही निकले।
चोपन: बुधवार की रात से ही झमाझम हो रही बारिश की वजह से कई स्थानों पर जल जमाव की स्थिति रही। बारिश के दौरान बिजली आपूर्ति ठप रही। कैलाश मंदिर पास बारिश का पानी लगने से आसपास के दुकानों में गंदा पानी घुसने लगा। यहां जल निकासी की यह समस्या दिन प्रतिदिन बढ़ती ही जा रही है। अधिशासी अधिकारी महेंद्र सिंह ने बताया कि धन मिलने पर समस्या का समाधान होगा।
घोरावल: तहसील क्षेत्र के घोरावल नगर समेत विभिन्न इलाकों में बृहस्पतिवार को पूरे दिन व देर शाम तक बारिश होती रही। सामान्य दिनों में नगर में खरीददारों की भीड़ लग जाती है, लेकिन दिन भर बारिश से बाजार में खरीदार नहीं थे। सीएचसी मार्ग, मुक्खा मोड़, खुटहां बाईपास, वन रेंज कार्यालय परिसर आदि जगहों पर जलजमाव हो गया। इससे आवागमन में काफी दिक्कतें आईं।
15 घंटे की बारिश से जनजीवन अस्त व्यस्त
दुद्धी। नगर और आसपास के क्षेत्रों में बुधवार की रात से शुरू हुई बारिश बृहस्पतिवार को पूरे दिन होती रही। बारिश से जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया। पूरे दिन लोगों को घरों से बाहर निकलने का बरसात ने मौका नहीं दिया। लोग पानी के चलते घरों में कैद रहे। दुकानदारों की दुकानें भी बुरी तरह से प्रभावित रहा।
लगातार बारिश से नदियों में उफान
महुली। बुधवार की रात से बृहस्पतिवार को पूरे दिन क्षेत्र में हुई मूसलाधार बारिश के बाद क्षेत्र की नदियां उफान पर आ गई हैं। पोखरे, तालाब एवं क्यारियों में पानी लबालब भर जाने से किसानों में खुशी छा गई है। किसानों ने बताया कि अच्छी बरसात होने से अब खेती बारी का काम शुरू हो जाएगा। बारिश होने से लोग अपने घरों में कैद रहे। बारिश की वजह से कई कच्चे मकान गिरने की हालत में पहुंच गए हैं।
पीएचसी परिसर में जलजमाव से परेशानी
विंढमगंज। 32 ग्राम पंचायतों के बीच सलैयाडीह ग्राम पंचायत में स्थित एकलौता प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र व आवासीय परिसर में बारिश का पानी जमा होने से बृहस्पतिवार को लोगों को काफी दिक्कत हुई। मरीजों को आने जाने की तो बात दूर अस्पताल कैंपस में रह रहे कर्मचारी को भी आवास से अस्पताल जाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि किंशु सिंह ने कहा कि पीडब्ल्यूडी के अधिकारी रोड के पटरियों के किनारे से बनने वाली नाली का निर्माण कोन विंढमगंज मार्ग पर भी कर देते हैं तो प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में जमा पानी निकल जाएगी।
लौवा नदी में बाढ़ से पुल का काम रुका
दुद्धी। तहसील क्षेत्र में बरसात की वजह से लौवा नदी उफान पर है। इसके चलते डायवर्जन रूट के लिए खतरा उत्पन्न हो गया है। लगातार बारिश होने से खेत और ताल तलैया चारों ओर पानी ही पानी का नजारा देखने को मिला। उपजिलाधिकारी रमेश कुमार बृहस्पतिवार को लौवा नदी पर बने डायवर्जन रास्ते का निरीक्षण किया। कार्यदायी संस्था के अधिकारियों से बरसात में पुल रास्ते के डायवर्जन की मरम्मत करते हुए नदी के पानी का निकासी की पर्याप्त व्यवस्था करने का निर्देश दिया।