सोनभद्र में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने सोमवार को दुद्धी ब्लॉक कार्यालय पर जमकर बवाल काटा। मानदेय न मिलने और शोषण करने का आरोप लगाते हुए समूह की महिलाओं ने बीएमएम जगदीश को दौड़ा लिया। बीएमएम कार्यालय में घुस कर दरवाजा बंद कर पीछे के रास्ते फरार हो गए।
एनआरएलएम कार्यालय दुद्धी में तैनात बीएमएम जगदीश चंद्र रावत के कार्यप्रणाली से नाखुश आक्रोशित तकरीबन सौ से डेढ़ सौ समूह की महिलाएं सोमवार को दोपहर में ब्लॉक कार्यालय पहुंचीं। बीएमएम के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। इस दौरान कुछ महिलाएं बीएमएम को पकड़ते हुए बाहर निकालने लगी। सूचना पर तुरंत पहुंचे बीडीओ अनिल कुमार वर्मा ने बीएमएम का बीच बचाव किया और महिलाओं की शिकायत सुनीं।
महिलाओं का आरोप है कि उन्हें धमकी देकर बियरर चेक कटवाया जाता है। आवाज उठाने पर उन्हें पद से हटाने की धमकी दी जाती है। समूह की महिलाओं ने अपना दल विधान सभा अध्यक्ष महिला प्रकोष्ठ मीरा सिंह मरकाम के नेतृत्व में बीएमएम हटाओ, सरकारी धन के दुरुपयोग की जांच और मानदेय दिलाये जाने की मांग को लेकर खंड विकास अधिकारी अनिल कुमार वर्मा को ज्ञापन सौंपा। मामले में त्वरित कार्रवाई के आश्वासन के बाद महिलाएं लौटीं।