सोनभद्र। कोर्ट में प्रेमिका द्वारा खुद के खिलाफ बयान दिए जाने की खबर मिलते ही सोमवार को एक बंदी ने ब्लेड का टुकड़ा खा लिया। कोर्ट में पेशी के दौरान ये घटना हुई। जिला कारागार गुर्मा में बंदी गया तो जेल कर्मियों को जानकारी हुई। मंगलवार को जिला अस्पताल में बंदी का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। जेल कर्मियों के मुताबिक बंदी की तबीयत ठीक है।
जेल अधीक्षक मिजाजी लाल ने बताया कि जेल में निरुद्ध राजकुमार के खिलाफ छेड़खानी समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज है। सोमवार को राजकुमार को कोर्ट में पेशी पर ले जाया गया था। वहां पर उसे पता चला कि प्रेमिका ने उसके खिलाफ बयान दिया है तो उसने ब्लेड का टुकड़ा खा लिया। कोर्ट से आने पर बंदी ने रात में कुछ लोगों को ब्लेड खाने की सूचना दी तो उसे जेल अस्पताल में भर्ती कराया गया। मंगलवार को जिला अस्पताल भेजकर राजकुमार का सीटी स्कैन कराया गया। उसकी हालत अब सामान्य है।