चैत्र नवरात्र के दूसरे दिन रविवार को शुुभ मुहूर्त में नवागत डीएम चंद्र विजय सिंह ने जिले के 39वें जिलाधिकारी के रूप में जिला कोषागार में कार्यभार ग्रहण किया। कार्यभार ग्रहण करने के बाद डीएम ने अपनी प्राथमिकताओं पर बात करते हुए बताया कि जिले में चलाई जा रही केंद्र व प्रदेश की योजनाओं का लाभ पात्रों तक पहुंचाने का कार्य किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जिले में जन समस्याओं का निस्तारण नियमानुसार कराया जाएगा। साथ ही विकासपरक कार्यक्रमों व जन कल्याणकारी योजनाओं को मूर्त रूप देकर जिले के चौतरफा विकास का प्रयास करेंगे। कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ पात्रों को दिलाने का पूरा प्रयास किया जाएगा। बता दें कि पूर्व डीएम टीके शिबू को भ्रष्टाचार के आरोप में गत 31 मार्च को शासन की तरह से निलंबित कर दिया गया था। इसके बाद मध्यांचल विद्युत वितरण निगम का एमडी आईएएस चंद्र विजय सिंह की नए डीएम के रूप में तैनाती की गई। नवागत डीएम चंद्र विजय सिंह वर्ष 2012 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा के आईएएस अधिकारी हैं। चंद्र विजय सिंह ने मध्यांचल विद्युत वितरण निगम में एमडी के पद से स्थानांतरित होकर सोनभद्र के डीएम के रूप में कार्यभार ग्रहण किया है। चंद्र विजय सिंह ने आईआईटी रुड़की से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में बीटेक किया है। आईएएस चंद्र विजय सिंह फिरोजाबाद के डीएम और झांसी में मुख्य विकास अधिकारी के रूप में भी कार्य किया है।